सात दिन से लापता प्रेमी युगल के शव बुधवार को गांव के बाहर एक पेड़ पर लटके मिले। किशोरी की चुनरी के दोनों सिरों से गले में फंदा लगाकर दोनों शव लटके हुए थे। ग्रामीण दोनों को एक सप्ताह से तलाश कर रहे थे।
शवों से दुर्गंध उठने पर लोगों को इनकी जानकारी हुई। प्रेमी युगल के शव लटके होने की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। किशोरी के पिता ने उसके गायब होने के बाद चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
धौलाना थाना क्षेत्र के गांव ककराना से प्रेमी युगल 27 अप्रैल से गायब था। 16 वर्षीय किशोरी कोमल रात को रहस्यमय ढंग से गायब हो गई थी। उधर गांव का ही 18 वर्षीय पंकज भी लापता था। गांव में इनके प्रेम प्रसंग की चर्चा आम थी।
किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने इनके गायब होने के तीन दिन बाद ही गांव के चार युवकों पंकज, राजू, भोले व कुलदीप के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लड़की के पिता ने इस मामले में मंगलवार को तहसील दिवस में शिकायत कर बेटी को बरामद कराने की गुहार लगायी थी।
इनके शव बुधवार सुबह गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर लटके मिले। मृतकों के शरीर से खाल तक उतरने लगी थी और सड़ने से दुर्गंध फैल रही थी। किशोरी की चुनरी के दोनों सिरों से गले में फंदा लगाकर पेड़ की एक डाल से लटके हुए थे।
शव लटके होने की सूचना से दोनों के परिजन सन्न रह गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। एसओ हरशरण शर्मा ने बताया कि बुधवार को ग्राम प्रधान दिनेश राणा ने सूचना दी कि लोगों ने धर्मपाल सिंह के खेत में जामुन के पेड़ पर लापता प्रेमी युगल के शव लटके देखे हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को उतारकर उनके परिजनों को बुलाकर शिनाख्त कराई। सूचना मिलते ही एसपी हेमंत कुटियाल, एएसपी राम नयन यादव और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एसपी हेमंत कुटियाल ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है।
लड़की की आयु बामुश्किल 16 वर्ष और लड़के की 18 वर्ष थी। एसपी का कहना था कि इस उम्र में इतना बड़ा निर्णय लिया जाना, सोचने का विषय है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर और स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
युवक और किशोरी के अलग जाति से होने के चलते गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि मृतक पंकज के खिलाफ थाने में मुकदमा कायम होने के बाद पुलिस ने उसके भाई को हिरासत में ले रखा था।