दिल्ली से गढ़ गंगा जा रही प्राइवेट बस के चालक ने सबली गांव के पास कुछ छात्रों को लिफ्ट नहीं दी तो उन्होंने पीछाकर बस को रोका और उसमें तोड़फोड़ की। चालक और परिचालक को भी जमकर पीटा। पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लिया है। घायल ड्राइवर-कंडक्टर को मेडिकल चेकअप के लिए भेजा गया है।
दिल्ली से गढ़-गंगा के बीच काफी प्राइवेट बसों का संचालन होता है। शुक्रवार को एक बस (यूपी 14 ईटी 5219) दिल्ली से ब्रजघाट आ रही थी। बस को फुलडेहरी निवासी आसिफ चला रहा था और कंडक्टर शबनम निवासी अठसैनी था। सबली गांव के पास कुछ छात्रों ने बस को हाथ दिया।
चालक ने बस नहीं रोकी। छात्र दूसरे वाहन से हापुड़ आए और बस को तहसील चौपला पर रोक लिया। इससे पहले कि बस का चालक और परिचालक कुछ समझ पाते, तब तक छात्रों ने दोनों से मारपीट कर दी। बस में सवार महिला और पुरुष यात्री सहम गए।
छात्रों ने चालक साइड का शीशा भी तोड़ दिया। छात्रों के उत्पात को देखकर किसी ने सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी। पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर घायलों को मेडिकल चेकअप के लिए भेज दिया है। एसएचओ राजेंद्र सिंह यादव का कहना है कि चालक की ओर से मिली तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।