अवैध कब्जे की शिकायत करना विधवा भाभी को भारी पड़ गया। देवर ने विधवा को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। पीड़िता ने आरोपी देवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर थाने में तहरीर दी है।
बहादुरगढ़ के गांव पलवाड़ा की विधवा प्रेमवती ने थाने में तहरीर दी है। इसमें उल्लेख किया है कि उसके पति रिसाल सिंह की कई साल पहले मौत हो गई थी। जिसके बाद से वह जैसे तैसे अपने परिवार की गुजर बसर कर रही है।
आरोप है कि उसके पति के हिस्से वाली घेर की जमीन में देवर बलजीत मुठमर्दी के बल पर कब्जा कर रहा है, जिसकी खबर मिलते ही वह उसके पास शिकायत करने पहुंच गई। विधवा का आरोप है कि अवैध कब्जा हटाने की बजाए देवर ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसे बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया और धमकी दी है।
इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है, जिसमें सच्चाई सामने आने पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।