कोतवाली क्षेत्र की निर्माणाधीन आवासीय कालोनी आनंद विहार में 28 फरवरी की रात जली हालत में मिले युवक की शिनाख्त लखनऊ के कृष्णानगर निवासी आशीष गौड़ के रूप में हुई है। बृहस्पतिवार रात परिजन लखनऊ पुलिस के साथ हापुड़ पहुंचे और शव की पहचान अंगूठी, कपड़ों और फोटो से की।
बता दें कि 28 फरवरी को दिल्ली रोड स्थित आनंद विहार आवासीय योजना में एक 28-30 वर्षीय युवक का जली अवस्था में शव पड़ा हुआ मिला था। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया था, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी थी। खास बात यह थी कि युवक के शव को जलाया गया था।
पुलिस ने लूट होने से इंकार किया था, क्योंकि युवक अंगुलियों में तीन सोने की अंगुठियां मिली थीं। सीओ सिटी ने बताया कि शव की पहचान कृष्णा नगर लखनऊ निवासी आशीष गौड़ के रूप में हुई है। लखनऊ में ही आशीष के अपहरण कर हत्या की आशंका का मुकदमा दर्ज है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि जिस युवक संदीप पर हत्या और अपहरण का शक जाहिर किया गया था, वह आशीष गौड़ की मां के चाचा का लड़का है। संदीप की ससुराल हापुड़ की इंद्रलोक कालोनी में है। उन्होंने कहा कि इस मामले की गुत्थी संदीप की गिरफ्तारी के बाद ही सुलझ सकती है।