सड़क हादसों में मां-बेटे समेत पांच घायल, एक मेरठ रेफर
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे पर अलग-अलग जगह हुई वाहनों की भिड़ंत में मां-बेटे समेत पांच घायल हो गए। इसमें से एक की हालत गंभीर होने पर एक को मेरठ रेफर कर दिया।
ब्रजघाट गंगा पुल के पास ऑल्टो कार ने बाइक को साइड मार दी, जिससे बाइक चला रहा महेंद्र निवासी गांव मोहम्मदाबाद जनपद अमरोहा घायल हो गया। दूसरी घटना सिंभावली में शुगर मिल के केन यार्ड के पास हुई, जहां सामने से गन्ने से भरा ट्रक आने पर अनियंत्रित होकर बाइक हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक चला रहा सद्दाम और पीछे बैठा नदीम निवासी हसनपुर घायल हो गए। तीसरी घटना गढ़ में स्याना चौपला पर निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कैंटर की साइड लगने से मारूति कार में जा रही कमलेश और ड्राइविंग कर रहा उसका बेटा संयम निवासी इज्जत नगर बरेली घायल हो गया, जो दिल्ली के मयूर विहार में अपने बीमार रिश्तेदार का हालचाल पूछने आया था। सौ नंबर पुलिस ने घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया, जहां हालत बिगड़ती देख चिकित्सक ने संयम को मेरठ रेफर कर दिया।