संतुलन बिगड़ने पर एसिड से भरा कंटेनर पलटा
गढ़मुक्तेश्वर। मेरठ से मुरादाबाद की तरफ जा रहा कंटेनर मंगलवार देर रात तीव्र मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से अनियंत्रित होकर अति व्यस्त चौराहे पर पलट गया। गनीमत रही कोई हादसा नहीं हुआ, अगर दिन में हादसा हो जाता तो कई जान भी जा सकती थीं।
मेरठ से एसिड लादकर मुरादाबाद को जा रहा एक कंटेनर मंगलवार की रात में करीब साढ़े 11 बजे गढ़-चौपला के तीव्र मोड़ पर पहुंचा तो रफ्तार तेज होने से संतुलन बिगड़ गया, जिससे कंटेनर अनियंत्रित होकर तीव्र मोड़ को पार कर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में चालक मुस्तकीम समेत क्लीनर पूरी तरह सुरक्षित बच गए, हालांकि कंटेनर से एसिड रिसने का पता लगते ही मस्जिद के पास चाय की दुकान पर मौजूद लोगों में खलबली मच गई। बुधवार को सुबह होते ही इंस्पेक्टर एनके सिंह ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया, जिसके बाद पुलिस ने तीन क्रेन बुलाकर सड़क किनारे पलटे कंटेनर को हटवा दिया।
कई बार हादसे होने पर भी नहीं जागा प्रशासन
मेरठ की तरफ से आने वाले तेज रफ्तार वाहन इस तीव्र मोड़ पर पलट चुके हैं, जिससे वहां लगा बिजली खंभा, हैंडपंप और नीम का कई दशक पुराना पेड़ भी धराशाई हो चुका है। इसके अलावा भी एक कैं टर ने करोड़ों की लागत से बने अंबेडकर गेट को भी काफी नुकसान पहुंचा था। एसडीएम ज्योति राय और डीएसपी पवन कुमार का कहना है कि हादसों की वजह बन रहे चौपला के तीव्र मोड़ पर रिफ्लेक्टर के साथ ही दिशा सूचक चिन्ह भी लगवाए जाएंगे।