प्रस्ताव में फेरबदल कर लाखों के घोटाले का आरोप
हापुड़। भारतीय किसान यूनियन भानु के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन देकर एक कृषक सहकारी समिति के पदाधिकारियों पर प्रस्ताव में फेर बदल कर लाखों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
डीएम को दिए ज्ञापन में राजवीर सिंह भाटी ने बताया कि तीन फरवरी 2016 की वार्षिक बैठक के प्रस्ताव संख्या चार को बदलकर पुरानी इंटरलॉकिंग टाइल्स के खड़ंजा में 2.70 लाख रुपये खर्च किए, जिसमें भारी अनियमितता है। इसके अलावा अन्य लाखों के कार्यों को भी प्रस्ताव में फेर बदल कर फर्जी तरीके से किया गया है।
पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन देकर मामले की अविलंब जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। साथ ही सचिव को कार्यमुक्त कर, नए सचिव की देखरेख में जांच कराने की भी मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने वालों में हेमराज त्यागी, महीपाल सिंह आर्य, अनिल, जयकरण भाटी, भूप सिंह, दर्शन सिंह, वीरेंद्र सिंह, बलेश, जयवीर सिंह, सुभाष, रूपचंद, किशन सिंह त्यागी, देवेंद्र, हितेंद्र आदि मौजूद रहे।