सरकारी भूमि से गन्ना काटकर ले जाने वाले पकड़े
गढ़मुक्तेश्वर। ग्राम समाज की सरकारी भूमि में अवैध रूप से बोई गई गन्ने की फसल काटकर ले जा रहे दो किसानों को ब्रजघाट पुलिस ने दबोच लिया, जिसे सूचना पर आई बहादुरगढ़ पुलिस गन्ने से भरे ट्रेक्टर ट्रॉले समेत किसानों को अपनी हिरासत में ले गई।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पूठ में गंगा किनारे ग्राम समाज की सैकड़ों बीघा सरकारी भूमि है। ग्राम सभा की कड़ी चौकसी के बाद भी सरकारी भूमि के काफी हिस्से पर आसपास के गांवों में रहने वालों ने अवैध ढंग में धान, गन्ना और हरे चारे की फसल उगा ली हैं, जिन्हें कब्जे में लेकर तहसील प्रशासन नीलामी कराने की तैयारी कर रहा है। लेकिन इसकी भनक लगते ही सरकारी भूमि में अवैध रूप से बोए गन्ने की कटाई कर दो किसान बुधवार को ट्रेक्टर ट्रॉले में भरकर क्रेशर पर बेचने ले जा रहे थे। ग्राम प्रधान की सूचना पर तहसीलदार मनोज कुमार सिंह ने इसकी सूचना ब्रजघाट पुलिस को दी, जिसने घेराबंदी कर गन्ने से भरे ट्रॉले समेत किसानों को दबोच लिया। इसके बाद तहसील प्रशासन द्वारा सूचना दिए जाने पर बहादुरगढ़ पुलिस ब्रजघाट पहुंच गई और गन्ने से भरे ट्रॉले समेत किसानों को अपनी हिरासत में ले गई। ग्राम प्रधान दीन मोहम्मद ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
इंस्पेक्टर मनु चौधरी का कहना है कि तहसील प्रशासन और दोनों किसान जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं। इसलिए पूरे मामले की जांच पड़ताल कराने के बाद ही आगे की कार्रवाई हो पाएगी।