फोटो 30एचपीआर पीएच- 14,15
रिटायर्ड बैंक अधिकारी के घर से लाखों चोरी
-शादी समारोह में हिस्सा लेने गया था परिवार, ढाई लाख कैश व करीब 6 लाख के आभूषण ले उड़े चोर
-चार चोर सीसीटीवी में कैद, पुलिस ने डॉग स्कवायड के साथ मौके पर की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। मेरठ रोड स्थित आवास विकास में बंद रिटायर्ड बैंक अधिकारी के मकान का ताला तोड़कर चोर करीब ढाई लाख कैश व 6 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। सूचना पर डॉग स्कवायड के साथ मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन की। हालांकि घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है जिसके आधार पर पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का दावा किया है।
बैंक ऑफ इंडिया के रिटायर्ड चीफ मैनेजर सुभाष चौधरी का आवास विकास कालोनी में है जिसमें पत्नी चंद्रकांता के साथ रहते हैं। उनकी पुत्री की शादी हो चुकी है। जबकि उनके दो बेटे गाजियाबाद में रहते हैं। सुभाष अपनी पत्नि के साथ बुधवार दोपहर को मकान में ताला लगाकर बड़े बेटे गौरव की साली की शादी में हरियाणा चले गए थे।
बुधवार देर रात चाहरदीवारी फांद कर तीन चोर ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए। जबकि एक चोर कार लिए घर के बाहर ही खड़ा रहा। एक घंटे तक चोरों ने पूरा घर खंगाल डाला। इस दौरान चोर घर में रखे ढाई लाख कैश व करीब 6 लाख के आभूषण ले उड़े। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सुबह घर के ताले टूटे देखकर पड़ोसी ने मकान मालिक को फोन कर जानकारी दी। उसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सीओ राजेश कुमार सहित पुलिस ने डॉग स्कवायड के साथ मौके पर जाकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी घटना के सबूत जुटा लिए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीओ राजेश कुमार का कहना है कि फुटेज के आधार पर मामले का खुलासा जल्द ही कर दिया जाएगा।
पुलिस की लापरवाही सामने आई
हापुड़। संजय विहार आवास विकास कालोनी में जिस कोठी में चोरी की वारदात हुई है, वह काफी वीआईपी इलाका माना जाता है। इसके बावजूद पुलिस गश्त नहीं होना सुरक्षा व्यवस्था में घोर लापरवाही माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार जिस कोठी मेें चोरी हुई है, उसके आसपास ही दो एडीजे रहते हैं तथा बिजली विभाग के एसडीओ का आफिस भी है। इसके बावजूद पुलिस गश्त की औपचारिकता पूरी की जाती है, वह भी बाइक में लगा सायरन बजाकर जिसे सुनकर चोर पहले ही छिप जाते होंगे। हैरानी की बात है कि रात के समय संजय विहार में वाहन लेकर बदमाश घूमें या कोई सामान्य नागरिक, लेकिन कोई पूछने वाला नहीं होता। जबकि पुलिस चौकी और एसपी निवास भी नजदीक ही हैं।
घटनास्थल के सीसी टीवी कैमरे के फुटेज देखने से पता चलता है कि चोरों ने अपनी कार से तीन चक्कर उक्त मकान के सामने धीमी गति से लगाये और फिर उसी मकान के बाहर पार्क कर वारदात को अंजाम दिया।
एडी एसपी राम मोहन सिंह का कहना है कि मामला गंभीर है। संबंधित सीओ और थाना प्रभारी निरीक्षक से इस घटना की विस्तृत जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जायेगी।