सात साल की बच्ची से युवक ने की दरिंदगी
लहूलुहान हालत में बच्ची खेत में पड़ी मिली, परिजन पीड़िता को लेकर चौकी पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। क्षेत्र में बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को भी शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना हुई, जिसमें गांव के ही एक युवक ने सात साल की बच्ची से दरिंदगी कर दी। बच्ची लहूलुहान हालत में खेत में पड़ी मिली। आक्रोशित परिजन उसे लेकर ब्रजघाट चौकी पहुंच गए। हरकत में आई पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है।
ब्रजघाट चौकी क्षेत्र के एक गांव का किसान सोमवार को परिजनों के साथ खेतों पर काम करने गया हुआ था, जिसने शाम करीब पांच बजे वहां से सात साल की बेटी को घर भेज दिया। रास्ते में गांव के ही एक युवक ने बच्ची को गला घोंटकर मारने की धमकी देकर पास के खेत में खींच ले गया। इसके बाद युवक ने बच्ची के साथ दुराचार किया। बच्ची के बेहोश होने पर उसे सरसों की फसल के अंदर छोड़कर आरोपी फरार हो गया। देर शाम को जब बच्ची घर नहीं पहुंची, तो चिंतित परिजन उसकी तलाश करने में जुट गए। इस दौरान सरसों की फसल टूटी देख परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो बच्ची लहूलुहान हालत में बेहोश पड़ी थी, जिसकी हालत देख परिजनों के होश उड़ गए। काफी देर बाद होश में आने पर बच्ची ने परिजनों को आपबीती सुनाकर गांव के ही दरिंदे का नाम भी बताया। आक्रोशित परिजन उसे लेकर ब्रजघाट चौकी पहुंच गए। बच्ची ने पुलिस को भी आपबीती सुनाई। परिजनों ने गांव के ही आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। एसआई महिपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित बच्ची को मेडिकल परीक्षण को भेजकर आरोपी की तलाश कराई जा रही है।
डीएसपी ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया
डीएसपी संतोष मिश्रा आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंच गए। निरीक्षण करने के बाद उन्होंने पीड़ित बच्ची के परिजनों को भरोसा दिया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ने बताया कि पीड़ित बच्ची के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होगी।