कस्बे में चोरों ने रविवार रात में चार स्थानों पर ताला तोड़कर हजारों का माल पार कर दिया। चोरों ने दो मंदिर के घंटे घड़ियाल भी चोरी कर ले गए।
सोमवार को दुकान खोलने पहुंचे रेडीमेड विक्रेता कन्हैया लाल ने बताया कि उसकी दुकान का शटर कटा था। ताला टूटा देख आसपास के लोगों से पूछताछ की। दुकान खोलने पर पता चला कि सारी दुकान अस्तव्यस्त है और लगभग 30 हजार की नगदी व माल गायब था। पटेल किराना स्टोर के मालिक धीरेंद्र ने बताया कि उसकी दुकान की शटर का ताला टूटा था और लगभग पांच हजार का माल गायब है। प्रिंस मोबाइल की मालिक सरिता देवी पत्नी श्यामसुंदर ने बताया कि चोरों ने लगभग 25 हजार का माल पार कर दिया है। मोबाइल विक्रेता संजय जायसवाल ने बताया कि चोरों ने उसकी दुकान से लगभग 10 हजार का माल पार किया है।
इसके बाद चोरों ने कस्बे के बड़ी माई मंदिर और हुलसा माई मंदिर में लगे दो घंटे भी उतार ले गए। सोमवार सुबह एक साथ आधा दर्जन स्थानों पर चोरी की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। सूचना पर चौकी प्रभारी शरद चंद्र पटेल ने व्यापारियों की दुकान जाकर निरीक्षण किया और जल्द ही चोरों को पकड़ने का भरोसा दिया है।