एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने के नाम
पर लाखों की ठगी करने वाले 2 गिरफ्तार
- पंजाब के भटिंडा स्थित मेडिकल कालेज में एडमिशन दिलाने के नाम पर की थी ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। नगर की दो छात्राओं से पंजाब के भटिंडा स्थित मेडिकल कालेज में एमबीबीएस एडमिशन के नाम पर 37 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो शातिरों को पुलिस ने दबोच लिया। जबकि उनका एक साथी फरार है। पुलिस ने शातिरों से कार बरामद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसके अलावा भी ये ठग गाजियाबाद व देहरादून सहित कई शहरों में भी घटना को अंजाम दे चुके हैं।
सीओ पिलखुवा डा. अजय कुमार ने पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि रघुवीर गंज निवासी ब्रज किशोर गुप्ता व डा. एच के अहलावत की पुत्रियों ने वर्ष 2016 में मेडिकल प्रवेश परीक्षा यानि नीट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। लेकिन 18 सितंबर 2016 को दोनों के नंबर पर पंजाब के भटिंडा स्थित मेडिकल कालेज का नाम लेकर एक व्यक्ति शुभम सिंह ने उनसे एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने की बात कही।
इस बीच शुभम ने ब्रज किशोर व डा. एचके अहलावत को झांसे में लेकर अपने पास बुला लिया। जहां शुभम ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उनसे अलग-अलग 18.50-18.50 लाख रुपये ले लिए। साथ ही एडमिशन के फर्जी दस्तावेज बनाकर उन्हें दे दिए, लेकिन कालेज जाने पर उन्हें ठगी की जानकारी हुई। इस पर उन्होंने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की तफ्तीश करते हुए राज चौधरी निवासी गांव संडोरा बुलंदशहर व रोहित सिंह निवासी साऊ पटेल दिल्ली को कार सहित हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया।
सीओ ने बताया कि राज चौधरी साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग नाम बदलकर ठगी करता था। उसने ही खुद को डा. राजीव महाजन बताया था। पुलिस उनके फरार साथी की तलाश में जुटी है। इसके अलावा गाजियाबाद व देहरादून में भी एडमिशन के नाम पर ठगी कर चुके हैं। पुलिस द्वारा उनके गैंग से जुड़े अन्य साथियों को भी पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।