बैंक मित्र से बाइक सवार बदमाशों ने 66 हजार लूटे
हापुड़। काकोड़ी स्थित इंडियन बैंक की शाखा में रुपये जमा कराने जा रहे बैंक मित्र से गांव नूरपुर के रास्ते पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर 66 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
लुखराड़ा निवासी मनीष पुत्र सुरेंद्र काकौड़ी स्थित इंडियन बैंक में बैंक मित्र है। शुक्रवार दोपहर वह गांव के लोगों से एकत्र हुए 66 हजार रुपये जमा करने के लिए बाइक से बैंक जा रहा था। जब वह बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अन्तर्गत नूरपुर गांव को जाने वाले रास्ते पर बंबे के किनारे पहुंचा तो पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। इसके बाद तमंचों से आतंकित करते हुए बदमाशों ने मनीष के बैग में रखे 66 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने मनीष के साथ मारपीट भी। लूटपाट के बाद बदमाश मनीष को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद मनीष ने मामले की जानकारी बैंक के अधिकारियों को दी तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश भारती ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।