सड़क हादसों में मां-बेटी समेत छह घायल, एक मेरठ रेफर
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे समेत अलग अलग रास्तों पर हुई वाहनों की भिड़ंत में मां-बेटी समेत छह घायल हुए, जिनमें हालत बिगड़ने पर एक को मेरठ रेफर कर दिया गया।
दिल्ली के शहादरा क्षेत्र में रहने वाली मालती बुधवार की रात को बेटी पिंकी के साथ मुरादाबाद में स्थित अपने मायके से लौट रही थी। इस दौरान ब्रजघाट गंगा पुल के पास उसकी कार में तेज रफ्तार केंटर की साइड लग गई। हादसे में मालती और उसकी बेटी पिंकी घायल हो गई, हालांकि चालक अनीस बाल बाल बच गया। दूसरी घटना में बुधवार की रात को मुरादाबाद जा रहे गाजियाबाद निवासी अर्जुन और सुमित की बाइक को नेशनल हाईवे पर गांव अल्लाबख्शपुर के पास स्पीड ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ने से अनियंत्रित हुई बाइक फिसलने से दोनों युवक घायल हो गए। तीसरी घटना बृहस्पतिवार की दोपहर में गढ़-मेरठ रोड पर गांव नानपुर के पास हुई, जहां सड़क पर अचानक कुत्ता आने से बाइक फिसलने से लालकुर्ती मेरठ का राजू और उसका भाई राहुल घायल हो गया, जो गढ़ में अपने बीमार रिश्तेदार का हाल चाल जानने आ रहे थे। राहगीरों समेत मौके पर एकत्र हुए राहगीर आनन फानन में घायलों को निजी अस्पतालों में ले गए, जहां राजू की हालत गंभीर होती देख चिकित्सकों ने उसे मेरठ को रेफर कर दिया।