बिजली के 35 खंभों से लाखों का तार चोरी
गढ़मुक्तेश्वर। नलकूप कनेक्शन देने के लिए खींची जा रही हाईटेंशन लाइन से जुड़े बिजली के 35 खंभों से चोर तार काटकर ले गए। ठेकेदार ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
बहादुरगढ़ बिजलीघर से नलकूप कनेक्शन देने के लिए गांव भद्स्याना से हाईटेंशन लाइन खींची जा रही है, जिसमें अभी सप्लाई चालू नहीं हो पाई है। बुधवार की देर रात लाइन से जुड़े 35 खंभों पर खींचे गए तार चोर काटकर ले गए। सुबह होने पर खेतों में कामकाज करने पहुंचे किसानों को तार चोरी होने का पता लगा तो उन्होंने पुलिस व बिजलीघर को सूचना दी। खबर मिलते ही निगम के अधिकारी व ठेकेदार मौके पर पहुंच गए। पीड़ित ठेकेदार ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस चोरों की सुरागरसी कर उन्हें दबोचने की कवायद में जुट गई है। इंस्पेक्टर मनु चौधरी का कहना है कि बिजली लाइन के खंभों से तार चोरी करने वालों की सुरागरसी कराई जा रही है, जिन्हें बहुत जल्द चोरी किए गए तार समेत दबोचकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।