प्रेम प्रसंग के चलते ममेरे भाई ने की थी युवती की हत्या
- ज्वार के खेत में युवती का शव मिलने का मामला
- पुलिस हिरासत में आरोपी ने किया खुलासा
- कहा-विवाद के दौरान धक्का-मुक्की में संदूक से टकरा गया था युवती का सिर
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई युवती की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। प्रेम प्रसंग के चलते ममेरे भाई ने ही युवती की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया था। हिरासत में आरोपी ने बताया कि विवाद के दौरान धक्का-मुक्की में युवती का सिर संदूक से टकरा गया था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई थी।
गढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह ग्रामीणों को ज्वार के खेत में गांव में ही रहने वाली एक युवती का खून से लथपथ शव मिला था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृतका के परिजनों और पुलिस को दी। शव मिलने की सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इस संबंध में मृतका की मां ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजन और ग्रामीणों को रेप के बाद युवती की हत्या की आशंका थी। पुलिस ने शक के आधार पर मृतका के मौसेरे और ममेरे भाई को हिरासत में लिया था। सीओ संतोष मिश्रा ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवकों से सख्ती से पूछताछ की गई। इसमें मृतका के ममेरे भाई राजीव उर्फ राजू निवासी मानकी सीकरी, थाना मोदीनगर, जनपद गाजियाबाद ने बताया कि उसका मृतका के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह शनिवार की शाम अपनी दूसरी मौसी के बेटे के साथ गांव आया था। रात को उसने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर मृतका के परिजनों को पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। राजू ने बताया कि रात में मृतका के साथ उसका विवाद होने के बाद हाथापाई हो गई। धक्का-मुक्की में मृतका का सिर कमरे में रखे संदूक के कोने में जा लगा, जिससे उसकी मौत हो गई। डर के कारण वह रात में ही शव को जंगल में फेंक आया। सीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।