पिता के खाते से धोखाधड़ी कर बेटे ने रकम निकाली
गढ़मुक्तेश्वर। बेटे ने धोखाधड़ी कर अपने पिता के खाते से डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित पिता ने बृहस्पतिवार को ब्रजघाट चौकी में तहरीर देकर बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ब्रजघाट निवासी सरदार सिंह ने बृहस्पतिवार को ब्रजघाट चौकी में तहरीर दी है। उसने बताया कि कुछ समय पहले वह अपनी कृषि भूमि बेच दी थी। जमीन बेचने से मिली रकम को अपने पांचों बेटों में बांट दिया था। आरोप है कि उसका बड़ा बेटा किसी बहाने से उसे बैंक ले जाकर उसके खाते से एक लाख 50 हजार की रकम निकाल ली। पता चलने के बाद जब उसने बेटे से पैसे वापस मांगे, तो बेटे ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए धमकी देने लगा। पीड़ित पिता ने बेटे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चौकी प्रभारी केपी सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो