ठेकेदार ने मजदूर के 6.18 लाख रुपये हड़पे
-पीड़ित ने आत्मदाह की चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी से की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। धौलाना में छात्राओं के लिए बन रहे हॉस्टल का निर्माण करने वाले मजूदर ने ठेकेदार पर 6.18 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। रुपये न मिलने पर परिवार सहित आत्मदाह की धमकी देते हुए पीड़ित ने जिलाधिकारी से शिकायत की है।
गढ़मुक्तेश्वर के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी तिलमराम का कहना है कि वह राज मिस्त्री का काम करता है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने धौलाना में एक हॉस्टल बनवाने का टेंडर जारी किया था। टेंडर लेने के बाद एक ठेकेदार ने उसे हॉस्टल बनाने का काम दिया। काम 11.40 लाख रुपये में तय हुआ। तिलमराम ने बताया कि छह माह पहले उसने हॉस्टल का काम पूरा कर दिया। इस दौरान ठेकेदार ने उसे 5.22 लाख रुपये अलग अलग तारीखों में दिए। 6.18 लाख रुपये अभी बकाया हैं। लेकिन अब ठेकेदार उसे चक्कर लगवा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि जब वह ठेकेदार के घर गया तो ठेकेदार ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने चेतावनी दी है कि यदि उसे बकाया धनराशि नहीं मिली तो वह परिवार के साथ आत्मदाह कर लेगा। जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के लिए कहा है।