एसबीआई के पूर्व प्रबंधक पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
गढ़मुक्तेश्वर। भारतीय स्टेट बैंक शाखा के पूर्व प्रबंधक पर सरकारी रकम का गबन करने और धोखाधड़ी का आरोप लगा है। वर्तमान प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गढ़ नगर में चौपला पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा की प्रबंधक श्वेता ने थाने में तहरीर दी है। जिसका कहना है कि वर्ष 2007 में शाखा में केबीएल खंडेलवाल शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात थे। पद पर रहते हुए केबीएल खंडेलवाल ने पांच लोगों के नाम पर लाखों रुपये का लोन जारी किया था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान लोन लेने वाले लोगों के बारे में कोई भी पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी। जिन लोगों के नाम पर रकम निकाली गई, न तो उनके दस्तावेज पूरे है और उनका पता और मोबाइल नंबर भी फर्जी दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रबंधक द्वारा दिए गए लोन की कुल राशि करीब 14 लाख 51 हजार रुपये हैं। जिसका कोई लेखा-जोखा नहीं मिल पा रहा है और ना ही कोई लोन चुकाया गया है। शाखा प्रबंधक ने पूर्व प्रबंधक को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर हरेराम यादव ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश करते हुए मामले की जांच की जा रही है।