शहर में नमक की कमी की अफवाह के बाद शनिवार को प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना रहा। सुबह से ही बाजारों पर नजर रखनी शुरू कर दी गयी। हालांकि स्थिति सामान्य रहने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। प्रमुख बाजारों में पुलिस तैनात रही।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात जिले में नमक की कमी होने की अफवाह फैलने के बाद काफी अफरातफरी का माहौल रहा। व्यापारियों ने भी औने पौने दामों में नमक बेचकर खूब मुनाफा कमाया। पुलिस ने दुकानें बंद कराकर जैसे तैसे स्थिति को नियंत्रण में किया।
शनिवार को दुकान खुलने के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर बाजारों की निगरानी शुरू कर दी गयी। दुकानदारों को इस संबंध में पहले ही चेतावनी जारी कर दी गयी थी। सुबह के समय हालात सामान्य रहे।
बाजार में किसी प्रकार की नमक को लेकर अफरातफरी दिखायी नहीं दी। जिससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली। व्यापारियों ने इस अफवाह से निपटने के लिए शहर में नमक की कमी न होने और किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने के संबंध में एनाउंसमेंट कराया।
बाजारों में स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है अब किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। लोग संयम से काम लें।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री टुक्कीराम गर्ग का कहना है कि इस प्रकार की अफवाह फैलाकर व्यापारियों के खिलाफ साजिश की जा रही है।
व्यापारी ऐसी अफवाहों की ओर ध्यान न दें। व्यापारी वर्ग काले धन के खिलाफ है। उसे ऐसी घटनाओं से डरने की आवश्यकता नहीं है।