पिलखुवा। हाईवे-9 की पार्किंग में खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर 55 हजार रुपये, एफडीआर समेत अन्य दस्तावेज चोरी कर ले गया। यह घटना आकाश नर्सरी पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
रेलवे रोड मंडी तिराहा के पास रहने वाले प्रवीन प्रताप गुप्ता उर्फ राधे भैया की हाईवे-9 किनारे आकाश नर्सरी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह रोजाना की तरह उन्होंने अपनी कार नर्सरी के सामने हाईवे स्थित पार्किंग में खड़ी की थी। कुछ देर बाद जाकर देखा तो कार का शीशा टूटा हुआ है और उसमें से बैग गायब था। उन्होंने बताया कि बैग में 55 हजार रुपये के अलावा एफडीआर, ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र, डिलीवरी चालान समेत अन्य दस्तावेज रखे थे। चोरी की यह घटना नर्सरी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।