भाद्रपद पूर्णिमा के पावन अवसर पर ब्रजघाट गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में जाम से निजात के लिए बृहस्पतिवार शाम से हाईवे के कटों को बंद कर दिया जाएगा। साथ ही भक्तों की सुरक्षा व शांति व्यवस्था के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहेंगे।
भाद्रपद पूर्णिमा पर हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु ब्रजघाट गंगा में स्नान करते हैं। इसके लिए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान सहित वेस्टर्न यूपी के दूरस्थ जनपदों से भक्तों का आवागमन बृहस्पतिवार शाम से ही शुरू हो जाएगा।
प्राचीन पंचायती मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित सुरेंद्र प्रसाद शर्मा और पंडित रमाशंकर तिवारी ने कहा कि भाद्रपद पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व होता है। इस दिन गरीब-निराश्रितों को भोजन-वस्त्र दान करने वाले पापों से मुक्त होकर मनोवांछित फल के भागीदार बनते हैं।
भाद्रपद पूर्णिमा से श्राद्ध आरंभ होंगे। सीओ सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि पूर्णिमा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। हाईवे पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
साथ ही बृहस्पतिवार शाम से हाईवे पर बने सभी कटों को बंद करवा दिया जाएगा। अपराध नियंत्रण के लिए सादी वर्दी में पुलिस तैनात रहेगी।
नेशनल हाईवे पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ की तरफ जाने वाले भक्त ब्रजघाट से पलवाड़ा रोड वाया डेहरा कुटी से वैट होकर हाईवे पर पहुंच सकेंगे।
वहीं मेरठ, बागपत, बड़ौत, किठौर क्षेत्र के भक्त गांव अल्लाबख्शपुर के सामने से महमाई रोड होकर गढ़ कस्बे से निकलकर मेरठ रोड पर पहुंच सकेंगे। बुलंदशहर, स्याना, औरंगाबाद के भक्त ब्रजघाट वाया पलवाड़ा रोड होकर लौट सकेंगे।