बसपा प्रत्याशी प्रशांत चौधरी के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का एक और केस दर्ज हुआ है। नामांकन से पूर्व सैकड़ों समर्थक और दर्जनों कारों के साथ रोड शो निकालने के आरोप में उड़न दस्ता टीम के प्रभारी ने कोतवाली में प्रशांत चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पूर्व एमएलसी और गढ़ सीट से बसपा के प्रत्याशी प्रशांत चौधरी बुधवार को ब्रजघाट में गंगा पूजन करने के बाद रोड शो करते हुए हापुड़ में नामांकन करने पहुंचे। बिना अनुमति के रोड शो करने और करीब 20 स्टीकर और झंडे लगी गाड़ियां उनके रोड शो में शामिल थी।
इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए उड़न दस्ता टीम के प्रभारी महेश पाठक ने देर शाम गढ़ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, बसपा प्रत्याशी प्रशांत चौधरी ने बताया कि उनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस सरासर गलत है। नामांकन करने जाने के दौरान साथ में कार और कुछ कार्यकर्ताओं का होना स्वाभाविक बात है।
प्रशांत चौधरी ने किया नामांकन
नामांकन के दूसरे दिन बुधवार को गढ़ विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी प्रशांत चौधरी ने कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन किया। इस दौरान काफी संख्या में उनके समर्थक कलक्ट्रेट के बाहर रहे।
मंगलवार से कलक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
पहले दिन किसी भी प्रत्याशी द्वारा नामांकन नहीं किया गया। दूसरे दिन गढ़ विधान सभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी प्रशांत चौधरी अपने समर्थकों के साथ नामांकन के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे। गढ़ के रिटर्निंग ऑफिसर आरएन पांडेय ने औपचारिता पूरी करने के बाद उनका नामांकन लिया।
नामांकन के लिए आए प्रशांत चौधरी के साथ पूरा काफिला था। काफिले में शामिल कारें अलग थलग खड़ी थीं। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा। किसी भी प्रकार की अनहोनी रोकने के लिए मेटल डिटेक्टर से जांच करने के बाद ही लोगों को कलक्ट्रेट में प्रवेश दिया गया।