महा गठबंधन की चर्चाओं के बीच काफी दिनों से चल रही जद्दोजहद के बाद शनिवार को रालोद ने जिले की दो सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। हापुड़ से अंजू मुस्कान तो गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र से कुंवर अय्यूब अली को टिकट मिला है।
रालोद हाईकमान ने दोनों सीटों पर मुस्लिम चेहरों पर दांव खेलकर अन्य पार्टियों में खलबली मचा दी है। बीते दिनों सपा, कांग्रेस और रालोद के महागठबंधन की चर्चाएं तेज थीं। सीटों को लेकर मतभेद के चलते महागठबंधन विफल होने के बाद
रालोद हाईकमान ने अपने बल पर ही विधानसभा चुनाव फतह करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में शनिवार को प्रत्याशियों की प्रथम सूची जारी की गई है। हापुड़ सीट से कई दिग्गजों को पछाड़ते हुए पार्टी ने अंजू मुस्कान पर भरोसा जताया है।
बुलंदशहर की रहने वाली अंजू मुस्कान की शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट है। वह बीते काफी समय से रालोद से जुड़ी हुई हैं। गढ़ से प्रत्याशी बनाए गए गाजियाबाद निवासी अय्यूब अली रालोद के पुराने दिग्गज और क्षेत्र की जानी मानी हस्ती हैं।
वह गाजियाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ होने के कारण उनके टिकट की घोषणा से सभी दलों में हलचल है। उनके टिकट लड़ने से चुनावी समीकरण एक बार फिर बदल गए हैं।