हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के पुराना हाईवे स्थित केंद्रीय विद्यालय के सामने अज्ञात कार की टक्कर लगने के बाद ऑटो आगे जा रही स्कूटी से टकरा गया। हादसे में स्कूटी सवार संदीप उर्फ सोनू गोयल (36) निवासी गांव बक्सर सिंभावली की मौत हो गई। जबकि ऑटो सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल व्यक्ति को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी संदीप उर्फ सोनू सोमवार को अपनी स्कूटी पर सवार होकर हापुड़ से घर लौट रहे थे। पुराना हाईवे स्थित केंद्रीय विद्यायल के सामने एक अज्ञात कार ने आगे जा रहे ऑटो में टक्कर मार दी। इसके बाद ऑटो आगे जा रही स्कूटी से जा टकराया। हादसे में स्कूटी चालक संदीप व ऑटो में सवार हरिराम निवासी गांव दौलतपुर धौलाना गंभीर रूप से घायल हो गए और स्कूटी व ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने संदीप को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान संदीप की मौत हो गई। पुलिस क्षतिग्रस्त स्कूटी व ऑटो को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में पुलिस को अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।