ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के दौरान सिंभावली में 76.20 प्रतिशत वोट डाले गए। मतदान के दौरान कई स्थानों पर हंगामे और नोकझोंक की कई छिटपुट घटनाएं हुईं। जिला पंचायत और बीडीसी के चुनाव में मतदान के मामले में अव्वल रहा सिंभावली ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य के मतदान में हापुड़ से पिछड़ गया।
वर्ष 2010 में हुए ग्राम पंचायत चुनाव के दौरान यहां 65 फीसदी मतदान हुआ था। सिंभावली ब्लाक में शनिवार सुबह सात बजे से शुरू हुए मतदान को लेकर बुजुर्ग, महिला और यूथ में जबरदस्त उत्साह दिखा। मतदान केंद्रों पर दिनभर लोगों की लाइन लगी रहीं। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। हालांकि सिंभावली में धौलाना क्षेत्र की अपेक्षा ज्यादा मतदान हुआ लेकिन हापुड़ से पिछड़ गया। इससे पहले चरण में हापुड़ क्षेत्र में 78 और धौलाना क्षेत्र में 76 फीसदी मतदान हुआ था। मतदान के दौरान पुलिस-प्रशासनिक अफसरों की सख्ती के से छिटपुट हंगामे नोकझोंक के अलावा कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। कुछ जगहों पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी तथा पुलिसकर्मियों की मनमानी की भी शिकायतें मिलीं।