प्रसव पीड़ा से तड़पती प्रसूताओं को राहत दिलाने के लिए शुरू की गई 102 नंबर एंबुलेंस सेवा जिले में बखूबी अपनी सेवा दे रही है। सोलाना निवासी एक प्रसूता ने सोमवार को एंबुलेंस में तैनात ईएमटी की सूझबूझ से बेटे को जन्म दिया है। प्रसूता को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ है।
परिजनों ने बताय कि इस्तकार की पत्नी सबरा को सोमवार को प्रसव पीड़ा हुई। उन्होंने आनन फानन में 102 नंबर एंबुलेंस को कॉल की। कॉल दर्ज होने के 15 मिनट बाद गांव में एंबुलेंस पहुंची। एंबुलेंस कर्मी प्रसूता को सीएचसी में भर्ती कराने के लिए रवाना हुए, लेकिन भयंकर पीड़ा के चलते ईएमटी हेमराज ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सबरा की एंबुलेंस में ही डिलेवरी कराई। इसके बाद प्रसूता को गढ़ रोड स्थित सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां दोनों का स्वास्थ्य सामान्य मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। पायलट पंकज कुमार का भी सहयोग रहा। बता दें कि 15 दिन के अंदर 102 नंबर एंबुलेंस में 4 डिलीवरी हो चुकी हैं।
108 व 102 नंबर एंबुलेंस प्रभारी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एंबुलेंस कर्मी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। आपातकालीन समय में कुशल कर्मियों के प्रयास से प्रसूता की एंबुलेंस में ही डिलेवरी कराई जा रही है।