मुस्करा (हमीरपुर)। क्षेत्र में बिरमा नदी में नहाते समय एक 26 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना सोमवार शाम को हुई जब युवक बकरियां चराकर घर लौट रहा था।
कस्बा थाना क्षेत्र के बिहुंनी खुर्द निवासी मलखान ढीमर ने बताया कि उनका भतीजा प्रीतम (26), पुत्र रामबाबू ढीमर सोमवार शाम लगभग 5 बजे बकरियां चराकर खेतों से घर लौट रहा था। इसी दौरान वह बिरमा नदी के पुराने रपटा के पास नहाने लगा। नहाते समय प्रीतम नदी की गहराई में चला गया और डूब गया।
विज्ञापन
आसपास मौजूद लोगों ने उसे नदी से बाहर निकाला और परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने 108 एंबुलेंस की सहायता से प्रीतम को मुस्करा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉ. संतोष राजपूत ने प्रीतम को मृत घोषित कर दिया।
परिजन के अनुसार प्रीतम विवाहित था और उसकी एक बेटी है। वह दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। गांव में वह बकरियां चराने के साथ-साथ मजदूरी भी कर रहा था। थाना प्रभारी इंचार्ज सुधीर चौरसिया ने बताया कि इस मामले में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।