हमीरपुर। शहर के विवेक नगर में एक छात्र ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, रविवार को देर शाम घर पहुंचे माता पिता को घटना की जानकारी हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है।
ललपुरा थानाक्षेत्र के पौथिया गांव निवासी प्रदीप सचान शहर के विवेक नगर में निजी मकान में रहते हैं। पौथिया गांव मेें खेती बाड़ी होने पर वहां आना जाना रहता है। उनका इकलौता पुत्र प्रबल सचान (20) उर्फ प्रबल कानपुर के पीएसआईटी कोचिंग सेंटर में बी फार्मा की तैयारी कर रहा था। प्रदीप सचान ने बताया कि तीन दिन पूर्व उनका पुत्र कानपुर से घर आया था। रविवार को सुबह वह पत्नी के साथ गांव खेती बाड़ी देखने चले गए थे। घर में पुत्र अकेला था। देर शाम करीब छह बजे जब वह घर लौटे तो अंदर से दरवाजा बंद मिला। जिस पर उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो फांसी के फंदे में प्रबल का शव लटकता मिला। घटना के पीछे परिजन कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक एके वर्मा ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। (संवाद)