मौदहा सीएचसी में घटना के बाद गमगीन बैठे मृतक के परिजन।
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा। नगर समेत क्षेत्र में अलग-अलग दो स्थानों में एक युवक और किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे उनके परिजनों में कोहराम मच गया। संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामलों की जांच पड़ताल कर रही है।
नगर के पूर्वी तरौस बांकी तलैया निवासी अवधेश कुमार उर्फ लल्लू (27) ने आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह से परेशान होकर मंगलवार की देर रात घर में साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जानकारी होते ही परिजन फंदे से उतारकर तत्काल कस्बे के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पिता महेश्वरीदीन खंगार ने बताया कि वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। पत्नी और दो बेटे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
उधर, सिसोलर थाना क्षेत्र के किसवाही गांव निवासी नेहा उर्फ रोशनी (13) पुत्री प्रेम नारायण ने मंगलवार की रात अपने घर में रस्सी को छत के पंखे में बांधकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। सिसोलर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।