मौदहा (हमीरपुर)। बैंक से कर्ज लेकर खरीदे गए ई-रिक्शा की किस्त के लिए जमा किए गए पैसे परिजनों ने खर्च कर डाले। इससे नाराज युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के छिमौली गांव निवासी सूरजपाल उर्फ छोटे (28) ने बैंक से कर्ज लेकर ई-रिक्शा खरीदा था। इसकी किस्त अदा करने के लिए वह रुपये जमा करता रहा। परिजनों ने बताया कि उसने किस्त के रुपये मांगे, लेकिन उसमें कुछ खर्च हो गए।
इससे वह नाराज हो गया और इसी बात के चलते शनिवार सुबह गांव के पास से निकले रेलवे ट्रैक पर कानपुर मानिकपुर पैसेंजर के आगे कूदकर जान दे दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि सूरज ने हाल ही में बैंक से कर्जा लेकर ई-रिक्शा खरीदा था। इसे चलाकर वह अपने परिवार का पालन पोषण करता था। वह अपने पीछे एक बेटी व पत्नी सहित माता-पिता को रोता बिलखता छोड़ गया है।
कोतवाल रामआसरे सरोज ने बताया कि युवक ने परिजनों से नाराज होकर जान दे दी है।