हमीरपुर। विश्व हिन्दू परिषद के बैनर तले एकजुट हुए हिन्दू समाज के लोगों ने आंबेडकर पार्क में बैठक की। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और निर्मम हत्या के विरोध में आक्रोश व्यक्त किया। बस स्टैंड पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मुहम्मद यूनुस का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष रामदत्त पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका स्थित आंबेडकर पार्क में हिंदुओं की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए वहां की सरकार की निंदा की गई। यहां से कार्यकर्ताओं का हुजूम नारेबाजी करते हुए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला लेकर बस स्टैंड पहुंचे। पुतला के गले में जूतों की माला पहनाई और फिर जूतों से कुचला, बाद में आग लगाई। विहिप जिलाध्यक्ष ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के ऊपर हो रहे अत्याचार एवं दीपू चंद्र दास की निर्मम हत्या से आक्रोश व्याप्त है। भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील पाठक ने कहा कि हमारे देश ने बांग्ला मुक्ति वाहिनी के साथ मिलकर पाकिस्तान से युद्ध कर हजारों सैनिकों का खून बहाकर बांग्लादेश को आजाद कराया, आज वही हिंदुओं के खून का प्यासा हो गया। वहां हर रोज अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष सरस्वती शरण द्विवेदी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू धर्म, सनातन एवं हिंदुओं के मकान, दुकान, संस्थान, पूजा स्थल मंदिरों को नष्ट करने का कुकर्म किया जा रहा है। वहां हिन्दुओं की हत्याएं की जा रहीं, बहिन बेटियों की आबरू सुरक्षित नहीं है। जिला मंत्री अवधेश शर्मा, आरएसएस के धर्म जागरण प्रमुख उमेश दीक्षित ने कहा कि अब सामान्य हिंदू नहीं कट्टर हिंदू बनने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में सह जिला मंत्री अजय हिंगवासिया, भुवनेश शुक्ला, सुशील सोनी,सुनील त्रिपाठी, कौशलेंद्र, सचिन शर्मा समेत सैंकड़ों की संख्या में विहिप, आरएसएस व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।