हमीरपुर। सोशल मीडिया में शुक्रवार को सुबह वायरल वीडियो का वन विभाग ने उसका तत्काल संज्ञान लिया। मामले की जांच की गई तो वायरल वीडियो सियार नहीं लोमड़ी के काटने की पुष्टि की गई है।
प्रभागीय वनाधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मौदहा कस्बा के वार्ड 17 में दो बच्चियों को सियार के काटने का वीडियो वायरल हो रहा था। इसका संज्ञान लेकर तत्काल क्षेत्रीय वन अधिकारी को मौके पर भेजा गया।
उन्होंने बताया कि पिछले 12 सितंबर को शाम पांच बजे शाजिया परवीन (17) पुत्री जलील अहमद नल से पानी भरने गई थी। तभी झाड़ियों से निकलकर किसी जानवर ने दाहिने पैर में काट लिया। शोर मचाने पर वहां से भाग गया।
वहीं दूसरी बच्ची (2) अपनी मां के साथ बैठी थी। तभी उसको पीछे से पकड़कर झपट्टा मारा। जिससे उसके पीठ के निचले हिस्से में दांत के हल्के निशान पाए गए। उसका इलाज सीएचसी में कराया गया। जांच टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पूछताछ की। काटने के निशान के देखा गया।
फोटो दिखाकर जानवरों की पहचान कराई गई। उनके द्वारा लोमड़ी की पुष्टि की गई। कुछ महिलाओं ने भी बताया कि लोमड़ी ने काटा है। वन विभाग की टीम ने लोगों से अपील कर कहा कि वह अपने छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें। लोमड़ी से जान का खतरा नहीं है, लेकिन इंसानों को अचानक देखकर हमला कर देती है। इससे सावधान रहें।