भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। यूक्रेन की राजधानी कीव में फंसी छात्रा प्रतिष्ठा गुप्ता मंगलवार को ट्रेन से लबीब पहुंच चुकी है। यहा से हंगरी के लिए ट्रेन निरस्त हो जाने के कारण वह कैब लेकर साथियों के साथ हंगरी रवाना हुई है। देर शाम तक इसके हंगरी पहुंचने की उम्मीद है। यहां से इनकी वतन वापसी का मार्ग प्रशस्त होगा।
कस्बे के मेडिकल व्यवसायी मुकेश गुप्ता की पुत्री प्रतिष्ठा गुप्ता यूक्रेन की राजधानी कीव में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। वह द्वितीय वर्ष की छात्रा है। सोमवार को कर्फ्यू में ढील मिलने पर वह अपने सहयोगी छात्रों के साथ छात्रावास से पैदल रेलवे स्टेशन पहुंच ट्रेन पकड़कर लबीब के लिए रवाना हुई थी।
650 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद बार्डर के स्टेशन लबीब में उतरी। यहां से उसे ट्रेन से हंगरी जाना था लेकिन ऐन वक्त पर ट्रेन के निरस्त हो जाने से सभी छात्र कैब से हंगरी के लिए रवाना हुए हैं। मंगलवार को देर शाम तक इनके हंगरी पहुंचने की उम्मीद है।
भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। ब्लाक क्षेत्र के टेढ़ा गांव स्थित राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र सिंह की पुत्री पायल सिंह क्रीमिया से निकलकर रसिया पहुंच गई है। यहां से 12 मार्च को एयर इंडिया की फ्लाइट से स्वदेश वापस होगी।
रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में फंसी पायल सिंह रसिया सुरक्षित पहुंच गई हैं। बिटिया के सकुशल रसिया पहुंचने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है। मंगलवार को तहसीलदार सदर मो. असलम ने प्रधानाचार्य से फोन पर बातचीत कर छात्रा के बारे में जानकारी हासिल की। प्रशासन के बातचीत के बाद परिजनों ने संतोष जाहिर किया है। पायल सिंह क्रीमिया में एमबीबीएस तृतीय वर्ष की छात्रा है।