फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हॉकी मैदान के लिए जमीन चिह्नित करें पदाधिकारी : सुखराम

विज्ञापन
हमीरपुर में हॉकी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते मंत्री सुखराम चौधरी। - फोटो : Hamirpur-HP
विज्ञापन
हमीरपुर। ऊर्जा एवं बहुउद्देश्यीय परियोजना मंत्री और हॉकी हिमाचल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देने तथा ग्रास रूट लेवल पर अधिक से अधिक बच्चों को इस खेल की ओर आकर्षित करने के लिए एसोसिएशन एक व्यापक कार्ययोजना तैयार करेगी। हर जिले में विशेषकर हॉकी के लिए उपयुक्त परिस्थितियों वाले जिलों में एक-एक एस्ट्रो टर्फ मैदान विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। मंगलवार को हमीर भवन में आयोजित हॉकी हिमाचल एसोसिएशन की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुखराम चौधरी ने सभी जिला इकाइयों के पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में हॉकी मैदान के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश करने का आग्रह किया, ताकि वहां एस्ट्रो टर्फ मैदान बनाए जा सकें।
विज्ञापन

उन्होंने जिला इकाइयों के पदाधिकारियों से कहा कि वे जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित करें तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके इनमें अधिक से अधिक बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करें। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे आने का मौका मिलेगा। उन्होंने पदाधिकारियों से सभी खिलाड़ियों का वेब पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करने की अपील भी की। इससे ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। एसोसिएशन के सचिव एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से अलंकृत रमेश पठानिया ने विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक के दौरान जाने-माने दिवंगत ओलंपिक खिलाड़ी चरणजीत सिंह की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। इस मौके पर किन्नौर के पूर्व विधायक तेजवंत नेगी, तेज प्रकाश चोपड़ा, विशाल पठानिया और प्रदेश एवं विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
बाक्स:
स्कूलों और कॉलेजों के शारीरिक शिक्षक रहे निशाने पर
स्कूलों और कॉलेजों के शारीरिक शिक्षक यहां आयोजित बैठक के दौरान एसोसिएशन के सदस्यों के निशाने पर रहे। सदस्यों ने कहा कि हमीरपुर में कुछेक महाविद्यालय और स्कूलों में सेवाएं दे रहे शारीरिक शिक्षक न तो हॉकी खेल को बढ़ा दे रहे हैं और न ही अपने संस्थानों में पढ़ने वाले उम्दा खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में भेज रहे। इस पर नाराजगी जताते हुए सुखराम चौधरी ने बैठक के बीच ही शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर को फोन कर इस बारे में उचित कार्रवाई के लिए कहा। कहा कि जिला मुख्यालयों और पर्याप्त मैदान की उपलब्धता वाले स्कूलों-कॉलेजों पर विशेष रूप से फोकस करके हॉकी के लिए सुविधाएं जुटाई जाएंगी। इन स्कूलों-कॉलेजों में हॉकी खेलने वाले पीईटी और डीपीई की नियुक्तियों को प्राथमिकता देने के लिए वह स्वयं मुख्यमंत्री, खेल मंत्री और शिक्षा मंत्री समेत सभी विधायकों से विशेष आग्रह करेंगे।
विज्ञापन

बिना एनओसी घरेलू बिजली मीटर की शीघ्र होगी अधिसूचना
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार ने शहरी निकायों में घरेलू बिजली कनेक्शन लेने में पेश आ रही दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए बिना एनओसी घरेलू बिजली मीटर कनेक्शन देने का निर्णय लिया है। यह बहुत ही सराहनीय कदम है। इस बारे में शीघ्र ही अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके बाद कोई भी व्यक्ति शहरी क्षेत्र में घरेलू बिजली कनेक्शन ले सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें