मौदहा क्षेत्र में हो रही बारिश से उफनाई नदियों और नालों में लोगों के डूबने से मौतें होने का सिलसिला जारी हैं। कोतवाली क्षेत्र के छिरका गांव में चंद्रावल नदी का ध्वस्त रपटा पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया और उसका शव मवइया गांव के निकट मिला। दूसरी घटना में रागौल गांव के निकट से बह रहे बरेड़ी नाले में डूबने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
क्षेत्र में लगातार बरसात से नदी नाले उफान पर हैं। छिरका गांव के निकट चंद्रावल नदी में चेकडैम पर बने रपटा पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। दो वर्ष पूर्व बना यह रपटा एक ही साल में ध्वस्त हो चुका है और इसके दोनों किनारों से कटान कर नदी की जलधारा बहने लगी है।
शासन-प्रशासन से ग्रामीण लगातार ठीक कराने की मांग करते रहे, लेकिन न तो जांच हुई और न निर्माण ही कराया गया। कबरई गांव निवासी रणजीत कुटार (20) पुत्र रामप्रकाश रविवार को सुबह करीब आठ बजे अपने चमरखन्ना गांव निवासी मौसिया मूलचंद्र चौकीदार के घर जा रहा था।
वह छिरका गांव से चंद्रावल नदी घाट स्थित इस रपटा पुल से पार करने के लिए जैसे ही रपटे के किनारे बह रहे तेज पानी को तैरकर पार करने लगा। तभी वह नदी के पानी के तेज बहाव में कटाव वाले स्थान पर खुद को नहीं संभाल पाया और डूब गया। इसके किनारे खड़े कुछ ग्रामीणों ने शोर शराबा किया।
नदी उस पार के चमरखन्ना गांव में इसकी सूचना दी गई तो दोनों गांवों के लोगों ने तलाश शुरू की। करीब 11 बजे घटना स्थल से दो किमी दूर मवइया गांव के निकट उसका शव नदी किनारे बहता हुआ मिला। बिवांर पुलिस व परिजनों को सूचना देने के बाद उसका शव चमरखन्ना का चौकीदार मौसिया अपने घर ले गया।
उधर कस्बे के निकट रागौल गांव निवासी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अबरार अहमद ने बताया कि पानी में डूबकर उसके भांजे जावेद (23) पुत्र महमूद खां की मौत हो गई। उसके मुताबिक युवक बीती देर शाम गांव के नीचे से बह रहे बरेड़ी नाले में शौच के लिए गया था। पैर फिसलने पर चेकडैम में जा गिरा और लापता हो गया।
उसने बताया कि रात में यह समझ में नहीं आया कि वह पानी में डूब गया है। जब सुबह नहीं आया तो उसकी तलाश की गई। तभी लोगों ने एक शव पेड़ की झाड़ पर फंसा होने की सूचना दी। शव निकालकर पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल घनश्याम पांडेय ने बताया कि उसकी मौत पानी में डूबने से हुई है और पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसलिए पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।