भरुआसुमेरपुर। हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक में सवार खलासी की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक अन्य घटना में दो ट्रकों की भिड़ंत हो जाने से चालक व हेल्पर घायल हो गए हैं। दोनों को मामूली चोटें आईं हैं।
मंगलवार की रात नेशनल हाईवे पर नारायनपुर गांव के आगे एक ढाबे के समीप खड़े ट्रक में दूसरा ट्रक पीछे से टकरा गया। दोनों ट्रकों में हुई जोरदार भिड़ंत में कानपुर देहात के भोगनीपुर निवासी खलासी इमरान (20) की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक में फंसे शव को बाहर निकलवाया।
इस घटना में कुछ देर बाद इलायची होटल के पास दो ट्रक आमने-सामने टकरा गए। घटना में दोनों ट्रकों के चालकों के साथ हेल्परों को मामूली चोटें लगी है। घटना से हाईवेे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। थानाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन आए हैं। उनकी तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।