हमीरपुर। कानपुर केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर के आयुक्त सोमेश तिवारी ने मंगलवार को सुमेरपुर कस्बा स्थित गुटखा फैक्टरी में हुई कार्रवाई पर बताया कि छह करोड़ 31 लाख 11 हजार 800 रुपये मिले है। वहीं बिना बिल का अघोषित 80 लाख रुपये का कच्चा माल बरामद किया है।
आयुक्त ने बताया कि दो सगे भाइयों जगत बाबू गुप्ता एवं प्रदीप गुप्ता के कारखानों में छापेमारी की। बताया ओजस एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर जगत बाबू गुप्ता के यहां सुपारी का उत्पादन होता है। एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर प्रदीप गुप्ता के यहां तंबाकू का उत्पादन होता है। दोनों कारखानों व आवास के साथ रिश्तेदारों रामावतार गुप्ता एवं सहदेव गुप्ता के निवास स्थानों छाप मारा। साथ ही इनके दस्तावेज कानपुर के बिरहाना रोड स्थित फर्म कंसल्टेंट कीर्ति शंकर शुक्ल उर्फ श्याम के दफ्तर की तलाशी ली गई। छापे में दोनों भाइयों के आवास में शयन कक्षों में डबल बेड से 6,31,11,800 रुपये की अघोषित मुद्रा जब्त की है। इन्होंने अपने बयान में बिना दस्तावेजों के सेल प्रोसीड कर धन एकत्र करना बताया है। कारखानों से बिना दस्तावेजों के रखा गया करीब 15.2 क्विंटल सुपारी, 6 बोरे तंबाकू 95 किलोग्राम पॅकिंग रोल व तैयार माल यथा 13700 पाउच सुपारी 38 हजार पाउच तंबाकू भी जब्त की है। इस अघोषित कच्चे माल की कीमत 80 लाख रुपये बताई है। बयान में व्यापारी भाइयों ने बताया है कच्चे माल की खरीद कानपुर स्थित नयागंज के व्यापारियों से बिना बिल के खरीदी है। तैयार गुटखा की खपत हमीरपुर एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में करना बताया है। बताया पांच स्थानों पर छापे में एक लैपटॉप व 2 मोबाइल फोन भी जब्त हैं जिनमें जरूरी दस्तावेज मिले हैं। कहा मिले साक्ष्यों के आधार कार्रवाई होगी।