सीसी टीवी फुटेज में दिखते टप्पेबाज।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। मौदहा में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से 23 दिन पूर्व सात लाख रुपये से भरा बैग ले जाने वाले टप्पेबाजों को पुलिस पकड़ने में नाकाम है। एसपी कमलेश कुमार दीक्षित ने आरोपियों के फोटोग्राफ जारी कर पहचान बताने वालों को 20 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
कस्बे में तहसील रोड बस स्टैंड के पास अखिलेश शिवहरे बिल्डिंग मैटेरियल के साथ सरिया, सीमेंट व खाद की दुकान किए हैं। दुकान में उनका साला दीपेंद्र कुमार मैनेजर है। छह अक्तूबर को दीपेंद्र दुकान में बिक्री व देखरेख का कार्य कर रहे थे। दुकान में सात-आठ अज्ञात लोग थे। दीपेंद्र ने पुलिस को बताया कि जिस समय वह ग्राहकों को अंदर ले जाकर सामान दिखाने लगे, तभी बदमाशों ने सात लाख रुपयों से भरा बैग पार कर दिया।
दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो अज्ञात लोगों देखे गए। जिनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक फुटेज में दिख रहे लोग मप्र राज्य के छतरपुर, पन्ना, सतना, टीकमगढ़, सागर या महोबा, चित्रकूट, बांदा, झांसी, जालौन के रहने वाले हो सकते हैं। फुटेज में बैग उठाकर ले जाने वाला व्यक्ति दुबला पतला व उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है। जबकि दूसरा बाएं पैर से कुछ लंगड़ा कर चलता है। एसपी ने इनकी पहचान बताने वाले को 20 हजार रुपये नगद धनराशि से पुरस्कृत किया जाएगा। उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।