हमीरपुर। सुमेरपुर थानाक्षेत्र के नारायनपुर गांव के निकट हाईवे पर ट्रक ने शनिवार रात बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया था। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
वहीं जिला अस्पताल लाए गए मृतक के साथी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों शवों का रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया। बांदा के बलखंडी नाका निवासी शब्बीर (22) अपने साथी परवेज (22) के साथ बाइक से घाटमपुर अपनी ननिहाल जा रहा था। जैसे ही वह कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नारायनपुर के पास ढाबा के सामने पहुंचे। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने इन्हें कुचल दिया।
इससे परवेज की मौके पर मौत हो गई। जबकि शब्बीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। वहीं घायल शब्बीर ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
परवेज के भाई अरमान ने बताया कि परवेज की शादी नहीं हुई थी। वह घर में बिना बताए अपने साथी शब्बीर के साथ उसके ननिहाल जा रहा था। तभी हादसा हो गया। उन्हें फोन पर सूचना मिली। शब्बीर के पिता ने बताया कि शब्बीर शादीशुदा था वह दो भाई थे। शब्बीर अपने साथी परवेज के साथ मोबाइल की दुकान में काम करता था।