फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur News: तीन साल में ही बदहाल हुई 98 करोड़ से बनी फोरलेन सड़क

Sat, 21 Mar 2026 11:54 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
राठ (हमीरपुर)। नगर से चिकासी पुल तक करीब 30 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का एक तरफ का हिस्सा तीन साल में ही जर्जर हो गया है। सड़क का 98.11 करोड़ की लागत से निर्माण व सुंदरीकरण कराया गया था। वर्तमान में पूरी सड़क पर सुंदरीकरण कहीं खोजने से नहीं मिल रहा है। अनेक स्थानों पर डिवाइडर टूट चुके हैं। उखड़ी सड़क से वाहन हिचकोले खाते हुए निकलते हैं।
विज्ञापन


उरई मार्ग पर चिकासी, मंगरौठ, जिगनी, अतरा, बरौली, रिहुंटा, रहंक, चुरहा, गोहांड सहित करीब डेढ़ दर्जन गांव व कस्बा हैं। उरई व कानपुर के लिए भी इसी सड़क से आवागमन है। इस सड़क से प्रतिदिन करीब 20 हजार वाहन गुजरते हैं। मार्च 2019 में उरई मार्ग पर राठ से चिकासी तक फोरलेन सड़क के निर्माण व सुंदरीकरण का कार्य शुरू हुआ था। इसके लिए 98.11 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई थी। लोक निर्माण विभाग ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में 31 मार्च 2023 को शत प्रतिशत काम होना दिखाया है। वर्तमान में राठ से उरई वाली लेन पूरी तरह जर्जर हो गई है। इस कारण उरई से राठ जाने वाली लेन से वाहन गुजरते हैं। एक ही लेन से दोनों तरफ का ट्रैफिक गुजरने के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर कई अंधे मोड़ भी हैं जहां एक साइड से आवागमन होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।



उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केजी अग्रवाल सड़क और डिवाइडर सही कराने की मांग करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीन साल में ही सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। राहगीर जर्जर सड़क से जान जोखिम में डालकर निकलते हैं। सड़क की मरम्मत के लिए कई बार शासन प्रशासन से मांग कर चुके हैं। जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़े हादसे से इन्कार नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन


——-

जर्जर सड़क पर हो चुके हैं कई हादसे

सड़क जर्जर होने से राहगीर हादसों का शिकार बन रहे हैं। 17 जून 2025 को जरिया थाने के अमूंद गांव की सरिता गड्ढे में ई रिक्शा पलटने से घायल हो गई थीं। 8 फरवरी 2025 को चुरहा गांव के पास पुलिस की जीप पलटने से चिकासी थाने के होमगार्ड बृजेंद्र कुमार की मौत हो गई थी और एसआई मोहित देव घायल हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही बाइक सड़क के गड्ढे में अनियंत्रित हुई जिसे बचाने में पुलिस की जीप पलट गई थी। 5 मार्च को रिहुंटा गांव के चंद्रशेखर की बाइक सड़क के गड्ढे में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में उनकी जान चली गई थी।

———-

वाहनों के टायर दे रहे हैं जवाब


प्राइवेट बस संचालक चतुर सिंह ने बताया कि उरई से राठ जाने वाली साइड ठीक है। राठ से उरई जाने वाली लेन पूरी तरह खराब है। जर्जर सड़क पर बसों के टायर और पार्ट्स जल्दी खराब हो जाते हैं। बस संचालकों को आर्थिक क्षति हो रही है। वहीं समय से गंतव्य तक पहुंचना भी मुश्किल होता है।
——————-
डिवाइडर टूटे, सुंदरीकरण गायब
बस संचालक देवेंद्र राजपूत ने बताया कि उरई मार्ग पर सुंदरीकरण का नामोनिशान नहीं है। जगह-जगह से डिवाइडर टूट चुके हैं। एक साइड पूरी तरह जर्जर है। मजबूरी में वाहन दूसरी साइड से निकलते हैं जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। सड़क की दूसरी लेन को दुरुस्त करा दिया जाए तो राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें