हमीरपुर। जिले में बेमौसम बारिश से गेहूं, चना और सरसों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से खेतों में कटी फसलें भींग गई हैं। इससे फसलें खराब होने का अंदेशा है। बीते 24 घंटे में आठ एमएम बारिश होने से पारा आठ डिग्री लुढ़ककर 27 डिग्री व न्यूनतम पांच डिग्री गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे लोगों को गर्मी से जरूर राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 मार्च तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
भरुआ सुमेरपुर संवाद के अनुसार, शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बूंदाबांदी देर रात आठ बजे तेज बारिश में बदल गई। इससे खेतों में कटी पड़ी मटर, मसूर, गेहूं, सरसों और चना जैसी फसलें पूरी तरह भींगकर खराब होने की कगार पर पहुंच गई हैं।
किसान मानसिंह, राजकुमार, उदयभान, अतर सिंह, शिवनाथ सविता, सुरेश यादव, प्रदीप गुप्ता, धीरेंद्र यादव, भूपेंद्र कुमार और फरीद खान ने बताया कि कटी फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। फसल भींगने से अब उन्हें धूप निकलने पर बार-बार पलटकर सुखाना पड़ेगा। धूप मिलने के बाद फली फटने और दाना झड़ने की आशंका बढ़ जाएगी। इससे उत्पादन में कमी आएगी और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।