मौदहा (हमीरपुर)। आंबेडकर जयंती के अवसर पर बिना प्रशासनिक अनुमति हाथी पर सवारी करने के मामले में नगर पालिका अध्यक्ष रजा मुहम्मद ने सोमवार को एसडीएम करणवीर सिंह को अपना जवाब सौंप दिया है।
चेयरमैन पर आरोप था कि उन्होंने कस्बे में हाथी पर सवार होकर राजनीतिक प्रचार-प्रसार किया और नियमों का उल्लंघन किया। नोटिस के जवाब में रजा मुहम्मद ने कहा कि हाथी पालने वालों के पास पहले से आवश्यक अनुमति मौजूद होती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह कानून के जानकार नहीं हैं और जनप्रतिनिधि होने के नाते हाथी पर बैठ गए।
इससे पहले एसडीएम ने चेयरमैन से हाथी पर सवार होने का वैध अनुमति प्रमाण प्रस्तुत करने के लिए कहा था। उन्होंने तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब न मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। अब प्रशासन चेयरमैन के दिए गए जवाब और प्रस्तुत साक्ष्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई तय करेगा।