हमीरपुर। परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों के समय से न पहुंचने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। वहीं जागरूक ग्रामीण बंद स्कूलों के बाहर शिक्षकों के इंतजार में खड़े बच्चों की वीडियो वायरल कर रहे हैं। दो दिनों में ऐसे तीन वायरल वीडियो पर बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा है। बरखेरा मामले में जांच आख्या के बाद बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। वहीं मेरापुर स्कूल की प्रधानाध्यापिका से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बीते सोमवार को बरखेरा गांव के जूनियर स्कूल में बच्चों के गेट के बाहर खड़े होकर शिक्षक के आने का इंतजार करते ग्रामीणोें ने वीडियो बनाकर वायरल किया था। इसी तरह मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय मेरापुर का भी वीडियो वायरल हुआ। जिसमें स्कूल समय पर बच्चे गेट के बाहर खड़े नजर आ रहे हैं। वहीं प्रधानाध्यापिका के साथ शिक्षक देर से स्कूल आए। इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार ने बताया बरखेरा स्कूल की जांच सरीला खंडशिक्षाधिकारी विनय विश्वकर्मा से कराई है। बताया स्कूल में तीन शिक्षक हैं।
जिनमें दो अवकाश पर होना बताए गए। वहीं प्रधानाध्यापक गयाप्रसाद ने बताया कि उनकी बाइक खराब होने से 20 मिनट देरी से पहुंचे थे। कहा किसी भी दशा में एक साथ दो अध्यापकों को अवकाश देना गलत है। साथ ही जब भी ऐसा कोई प्रकरण आता है तो संबंधित अध्यापक बाइक खराब होने की बात कहते हैं। कहा इस लापरवाही पर प्रधानाध्यापक पर निलंबन की कार्यवाही की गई है। वहीं एक साथ अध्यापकों को अवकाश देने पर स्पष्टीकरण मांगा है। बीएसए ने बताया मेरापुर के वायरल वीडियो की जांच कराएंगे। प्रधानाध्यापिका से स्पष्टीकरण मांगा है।