हमीरपुर। वेबसाइड बंद होने से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का ई-केवाईसी कार्य प्रभावित हो रहा है। 31 मार्च तक का समय होने से किसान परेशान हैं।
जनपद में कुल दो लाख 22 हजार 72 किसान हैं। जिसमें योजना के अंतर्गत एक लाख 78 हजार किसान पंजीकृत हैं। इनमें एक लाख 43 हजार 710 लघु सीमांत कृषक शामिल हैं। योजना को पारदर्शी बनाने के लिए भारत सरकार ने ई-केवाईसी नाम से पोर्टल बना रखा है। अब इस योजना के लाभार्थी किसानों को अपने खाते का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है।
पत्योरा निवासी किसान रामबाबू सोनकर ने बताया कि तीन दिनों से ई-केवाईसी कराने के लिए परेशान हैं। लेकिन जनसेवा केंद्र वाले कहते हैं कि साइड नहीं खुल रही है। कहा कि 31 मार्च अंतिम तिथि बता रहे हैं।
चंदूपुर निवासी किसान संतोष कुमार ने बताया कि दो दिनों से मुख्यालय के चक्कर काट रहा है। साइड बंद होने के चलते सत्यापन नहीं हो पा रहा है। कहा कि सरकार किसानों को बेवकूफ बना रही है।
पाराओझी के शिवकुमार सेठी ने कहा कि सत्यापन के नाम पर किसानों का शोषण किया जा रहा है। सरकार के पास सारे आंकड़े मौजूद हैं। फिर भी भोले भाले किसानों को ठगा जा रहा है।
किसान परेशान न हों। पोर्टल पर लोड अधिक होने के कारण सत्यापन कार्य में अड़चनें आ रही हैं। कहा कि अभी अंतिम तिथि बढ़ सकती है। ये किस्त सभी एक लाख 78 हजार किसानों को मिल जाएगी, लेकिन अगली किस्त बिना ई-केवाईसी के जारी नहीं होगी।
हरीशंकर भार्गव, उप कृषि निदेशक