शहर के रमेड़ी डिग्गी मोहल्ले की कीचर युक्त सड़क। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। शहर से सटे डिग्गी मोहल्ले में पक्की सड़क न होने व जल निकासी बाधित होने से रास्ते पर बारिश का पानी भरता है। जिससे यह मार्ग तालाब में तब्दील है। लोगों का पैदल निकलना मुश्किल है। यहां के लोगों ने जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग की, मगर सुनवाई नहीं हुई।
नगर के वार्ड 14 महारानी लक्ष्मी बाईनगर डिग्गी को जाने वाली सड़क वर्षों से गड्ढों में तब्दील है। बरसात के दिनों में यह सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। कीचड़ व सड़क पर भरा गंदा पानी संक्रामक बीमारियों को न्योता दे रहा है। मोहल्ला निवासी जगराम के मकान से लेकर जुद्धा के मकान तक पूरी सड़क पर जलभराव है। कीचड़ भरे रास्ते से ही होकर लोगों को निकलना पड़ता हैं।
वार्ड की सभासद संध्या वर्मा ने बताया सड़क निर्माण का प्रस्ताव नगर पालिका की बैठकों में कई बार रखा गया। एक बार इसका प्रस्ताव मंजूर भी हुआ, लेकिन एस्टीमेट सही न बनने व निर्माण कार्य मानक के अनुरूप न होने से मोहल्ले के लोगों के विरोध पर ठेकेदार ने निर्माण कार्य नहीं कराया था। जिसके बाद दोबारा निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। सभासद ने बताया कुछ दिन पूर्व गर्भवती महिला को लेकर एंबुलेंस जा रही थी, तभी कीचड़ में एंबुलेंस के फंसने से महिला की एंबुलेंस में ही प्रसव हो गया था।