हमीरपुर। शासन ने बुधवार से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसे 15 अक्तूबर तक पूरा करना है। जिले की 446 किमी सड़कें गड्ढा मुक्त की जानी हैं। इनकी मरम्मत के लिए लोनिवि-दो खंड 92 लाख रुपये खर्च करेंगी।
लोनिवि (प्रांतीयखंड) 224 किमी व लोनिवि (निर्माणखंड-दो) 222 किमी सड़कें गड्ढा मुक्त करेगी। शासन ने इन सड़कों के लिए प्रांतीयखंड को 50 लाख 20 हजार व निर्माण खंड-दो को 41 लाख 70 हजार की धनराशि जारी कर दी है। फिलहाल जिले में हो रही बारिश में पहले दिन काम नहीं शुरू हो सका। विभाग बारिश रसात त्म होने के बाद मरम्मत का काम शुरू कराने की बात कह रहा है। जिले में करीब साढ़े 4 सौ किमी सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। जिनमें आएदिन घटनाएं होती हैं। इधर विधानसभा चुनाव को देखते शासन ने गड्ढा मुक्त अभियान चला रखा है। जो 15 सितंबर से 15 अक्तूबर तक चलाया जाना है।
छह किमी सड़क चलने लायक नहीं
टिकरौली निवासी बीडीसी प्रतिनिधि राजू पाल ने बताया कुछेछा से लेकर टिकरौली तक करीब 6 किमी सड़क गड्ढों में तब्दील है। जिससे शहर मुख्यालय आने जाने वाले हजारों लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। भारी गड्ढे होने से आएदिन लोग चोटिल हो रहे हैं।
कीचड़ से निकलना हो रहा मुश्किल
कुरारा कस्बे में बेरी मार्ग की हालत बेहद खराब है। बेरी तिराहे से लेकर जहाज भवन तक कीचड़ है। इसी मार्ग पर रिठारी चकोठी गांव में मोरंग डंप होने से ट्रकों के आवागमन होने से सड़क खस्ताहाल है। रिठारी के भोला प्रसाद ने बताया मौरंग लदे ट्रक से सड़क खराब होती हैं।
गड्ढों से निकलना खतरों भरा
कुरारा ब्लाक के भैंसापाली संपर्क मार्ग पर भारी गड्ढे है। शाम ढलते ही घोड़ा गाड़ी तो दूर लोग पैदल चलने से कतराते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नहर पुल पार होते ही सड़क पर दो बड़े गड्ढों के कारण वाहनों से निकलने पर डर बना रहता है। रात में इस मार्ग से आने जाने में कतराते हैं।
जिले में 446 किमी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाना है। जिसके लिए शासन से 92 लाख की धनराशि जारी कर दी है। कहा जिले में हो रही लगातार बारिश से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। जिससे अभी गड्ढों में मिट्टी भराई का कार्य शुरू कराया जा रहा है। जैसे ही बारिश थमेगी तत्काल डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा। - एमएल वर्मा, लोनिवि अधिशासी अभियंता