राठ के औंता निवासी रमाकांती राजपूत को सम्मानित करते वायु सेना के अधिकारी
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। भारतीय वायुसेना दिवस पर औंता गांव निवासी रमाकांती राजपूत को सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कानपुर वायुसेना में आयोजित समारोह के दौरान ग्रुप कैप्टन कमान अधिकारी कौस्तुभ आपटे ने सम्मानित किया।
क्षेत्र के औंता गांव निवासी फूलसिंह राजपूत की तीन बेटियां व दो बेटे हैं। नाममात्र की जमीन से परिवार का गुजारा नहीं चलता था। घर की आर्थिक तंगी देख उनकी दूसरे नंबर की बेटी रमाकांती ने कुछ करने की ठानी। कला में रुचि होने के चलते कक्षा छह की पढ़ाई करते हुए रमाकांती दीवारों पर पेंटिंग करने लगीं। मात्र 12 साल की उम्र में वह पूरे क्षेत्र में रमाकांती पेंटर के नाम से पहचान बना चुकीं थीं। उनकी इस लगन में पिता फूलसिंह ने भी पूरा साथ दिया। बेटी को साइकिल पर बैठा कर गांव गांव लेखन कार्य कराने ले जाते थे। रमाकांती ने लेखन कार्य को अपनी पढ़ाई में बाधा नहीं बनने दी। पढ़ाई कर वर्ष 2013 में भारतीय वायुसेना के ग्रुप सी में टेक्नीशियन के रूप में उनका चयन हो गया। इस समय वह कानपुर में तैनात हैं। अच्छा कार्य करने पर वायुसेना दिवस पर उन्हें सम्मानित किया गया।