पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलते पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी व अन्य कार्यकर्ता।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। राठ विधानसभा से वर्ष 2012 में विधायक रहे कांग्रेस के गयादीन अनुरागी ने शुक्रवार को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के सामने सपा का दामन थाम लिया। पूर्व विधायक ने विधानसभा के 2012 के चुनाव में सर्वाधिक मतों से जीत हासिल की थी।
पूर्व विधायक ने राजनीति की शुरुआत छात्र जीवन से की थी। वर्ष 1988-89 में बीकेडी के छात्र संघ अध्यक्ष रहे। वहीं वर्ष 1991 में मऊरानीपुर से बसपा से विधानसभा का चुनाव लड़े। वर्ष 1993 से 95 तक बसपा कार्यालय प्रभारी रहे। वह एक बार जिला पंचायत सदस्य भी रहे। वहीं वर्तमान में कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष व ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य भी थे। उन्होंने कांग्रेस हाईकमान को भेजे पत्र में कहा कि वे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के साथ काम करने में असहज महसूस कर रहे हैं। शुक्रवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पास जिलाध्यक्ष राजबहादुर पाल, पूर्व मंत्री रामाधार सिंह के साथ पहुंच पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। सूत्रों की माने तो इन्हें सपा से राठ विधानसभा आरक्षित सीट से टिकट मिलने की उम्मीद बताई जा रही है।