मौदहा। नरायच गांव में ब्रिटिश कालीन डाक बंगले के पास मलबे से निकले 21 प्राचीन सिक्के पुलिस के हाथ लगे हैं। जिन तीन लोगों के पास से उक्त सिक्के मिले हैं, उनसे पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस ने सिक्के मिलने की सूचना से पुरातत्व विभाग को अवगत कराया है। इसके अलावा मलबे के आसपास लोगों के आने जाने में रोक भी लगा दी गई है।
बता दें कि नरायच गांव के डाक बंगले के पास स्थित मैदान में तीन दिन पूर्व मेला लगा था। जिसके समाप्त होने पर गांव के ही राजाराम विश्वकर्मा के मकान से निकला मलबा मैदान के गड्ढे में डलवा दिया गया था। उसी मलबे में सोमवार को प्राचीन सिक्के मिलने की सूचना से ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई थी। जानकारी पर पुलिस भी पहुंची थी, लेकिन उसके हाथ न तो एक भी सिक्का लगा और न सिक्के पाने वाला कोई व्यक्ति ही मिला था।
सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल एक सिक्के की तस्वीर ही पुलिस को मिल पाई थी।
ग्रामीण सिक्कों को चांदी की धातु का बता रहे थे। इधर, जांच में जुटी पुलिस को सोमवार की देर शाम तीन लोगों के पास से 21 प्राचीन सिक्के मिल भी गए। बताया कि एक सिक्का गांव के गयासुद्दीन से, एक सिक्का रमेश से और गांव निवासी नरेश से 19 सिक्के मिले हैं। कोतवाल पवन कुमार पटेल ने बताया कि सिक्के किस धातु के हैं, इसका पता जांच के बाद ही लगेगा। फिलहाल मलबे के आसपास फोर्स तैनात की गई है। जल्द ही पुरातत्व विभाग की टीम भी पहुंच जाएगी।